कुरुक्षेत्र। युवकों को ऑस्ट्रेलिया भेजने और वहां पढ़ाई व वर्क परमिट दिलवाने का भरोसा देकर 40 लाख 72 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी राजीव वासी दुर्गा नगर को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि विक्रम वासी खेड़ी रायवाली जिला कैथल ने शिकायत में बताया था कि आरोपी राजीव सिंगला ने उसे विश्वास में लेकर कहा कि वह युवाओं को ऑस्ट्रेलिया भेजने का काम करता है। आरोपी ने अपने बेटे को ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई और वर्क परमिट दिलवाने का भरोसा दिया। उसकी बातों में आकर उसने बेटे को विदेश भेजने के लिए अलग-अलग समय और किस्तों में आरोपी को 40 लाख 72 हजार रुपये दे दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, काफी समय बीतने के बाद भी आरोपी ने न तो वीजा लगवाया और न ही उसके बेटे को विदेश भेजा। रकम वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में पैसे लौटाने से मना कर दिया। शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा ने जांच की। इसके आधार पर थाना शहर थानेसर में मामला दर्ज किया गया। 15 नवंबर को थाना शहर थानेसर प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार की टीम ने आरोपी राजीव सिंगला को गिरफ्तार कर लिया।