जिला परिषद चेयरमैन प्रवीण चौधरी ने एक दिन दो गांव अभियान के तहत डेरा समसीपुर में लोगों की समस्याएं सुनी। पंच सोमा राम, राजकुमार, चूहड़ लाल, करतार चंद, वकील, राजकुमार, खरैती लाल, रवि, विजय, सुनील, अजय, विनोद, संजू और अंग्रेज ने बताया कि बिजली किल्लत के कारण वे बहुत परेशान हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने 24 घंटे बिजली की सुविधा लेने के लिए पैसे भी जमा कराए हुए हैं। इसके बावजूद उन्हें अब तक 24 घंटे की बिजली सुविधा नहीं मिल पाई है।
इस पर प्रवीण चौधरी ने एक्सईएन पिहोवा और कुरुक्षेत्र को फोन करके ग्रामीणों की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए। प्रवीण चौधरी ने कहा कि सरकार की स्कीम के तहत निशुल्क 24 घंटे का फीडर शुरू कराया जाए।
वहीं उन्होंने ग्रामीणों के जमा कराए पैसे भी जल्द वापस करने को कहा। चौधरी ने कहा कि अगर किसी भी पात्र ग्रामीण को सुविधा का लाभ ना मिले तो वे उन्हें शिकायत करें।
उन्होंने पीले व गुलाबी राशन कार्ड धारकों को प्रियदर्शनी योजना का लाभ उठाने के बारे में भी बताया। प्रवीण चौधरी ने बताया कि जिन लोगों के मकान कच्चे हैं वे इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों को गांव में सफाई व्यवस्था रखने और पौधारोपण के लिए भी प्रेरित किया, ताकि गांव में खुशहाली बनी रहे। इस अवसर पर संजय चौधरी, मदन, सुभाष उमरी और रमेश सनहेड़ी उपस्थित थे।