कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनावों के लिए कुरुक्षेत्र के पांच वार्डों हेतु 56 बूथ बनाए गए हैं। इन सभी बूथों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए नियमानुसार तमाम आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। इन बूथों को लेकर प्रशासन की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि बूथों पर प्रबंधों को चैक किया जाए ताकि समय रहते मतदाताओं की सुविधा अनुसार कमियों को पूरा किया जा सके।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मतदाताओं के क्षेत्र के अनुसार बूथों का गठन किया गया है। इन सभी बूथों पर 19 जनवरी को मतदाता सुबह आठ बजे से लेकर सायं पांच बजे तक वोट डाल सकेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड 11 पिहोवा में आठ, मुर्तजापुर वार्ड 12 के लिए 10, वार्ड 13 शाहाबाद के लिए 13, लाडवा वार्ड 14 के लिए 12 व थानेसर वार्ड 15 के लिए 13 बूथ बनाए गए हैं।