पिहोवा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव को उपमंडल पिहोवा के सरस्वती तीर्थ पर मनाया जाएगा। प्रदेशभर में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाने वाले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। महोत्सव का शुभारंभ 29 को आदि बद्री से होगा और समापन पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर होगा। अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव में प्रदेश के लोगों को जोड़ने का प्रयास प्रशासन की ओर से किया जा रहा है और सरस्वती नदी के किनारे बसे गांवों में भी कार्यक्रमों का आयोजन करने की योजना बनाई गई है। सभी सरपंचों से अनुरोध किया जा रहा है कि इस निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार भंडारों के साथ-साथ धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करके लोगों को साथ जोड़ा जाए। यह महोत्सव प्रदेश के हर नागरिक का महोत्सव है।
एसडीएम अमन कुमार ने कहा कि सरस्वती महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। इस बार अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह की तरह भव्य एवं दिव्य तरीके से मनाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव 2025 का आयोजन हिमाचल, हरियाणा, राजस्थान व गुजरात राज्यों में किया जाएगा। सभी राज्यों में युवा पीढ़ी को सरस्वती नदी के इतिहास के बारे में संपूर्ण जानकारी मिल सके। हरियाणा सहित दूसरे राज्यों के लोगों की इस तरह के कार्यक्रम में रुचि पैदा हो और धीरे-धीरे यह उत्सव श्रद्धा के साथ जागरूकता के महाकुंभ के रूप में अपनी पहचान कायम करे।