कुरुक्षेत्र। मेजर जनरल अरविंद यादव।
कुरुक्षेत्र। कुबेर कॉलोनी निवासी मेजर जनरल अरविंद यादव को 77वें गणतंत्र दिवस पर विशिष्ट सेवा पदक प्रदान करने की घोषणा की गई। इसकी घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की गई जिसके साथ ही उनके परिवारजनों को भी बधाई देने वालों का तांता लग गया।
विशिष्ट सेवा मेडल भारतीय सशस्त्र सेनाओं का एक प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान है, जो असाधारण या उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। उन्हें यह मेडल भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर और राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की ओर से राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। क्षेत्र के अनेक राजनीतिज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने हर्ष जताते हुए इसे गीता की भूमि का सम्मान बताया।
मेजर जनरल अरविंद यादव अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक स्व. डॉ. जेएस यादव के पुत्र हैं। उन्होंने 1988 में भारतीय सेना में बतौर सेकेंड लेफ्टिनेंट अपनी सेवा आरंभ की थी और विभिन्न पदों पर देश के विभिन्न हिस्सों में रहते हुए अपनी कर्तव्यपरायणता का लोहा मनवाया है। फिलहाल वे नई दिल्ली में भारतीय तोपखाना के अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
उन्होंने स्थानीय गीता निकेतन विद्यालय से 10वीं की परीक्षा पास कर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के तत्कालीन यूनिवर्सिटी काॅलेज से बीएससी कंप्यूटर साइंस की परीक्षा पास की और अपनी डिग्री के अंतिम वर्ष में सीडीएस की परीक्षा पास कर वे भारतीय सेना में चले गए। इस दौरान उन्होंने चार वर्ष तक तैराकी व वाटर पोलो में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। उनके पिता डाॅ. जेएस यादव कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ही जीव विज्ञान विषय के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक थे और उन्होंने कुरुक्षेत्र में यादव धर्मशाला की स्थापना की थी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पढ़ाते हुए वे दक्षिणी हरियाणा के सभी छात्रों के अभिभावक थे।