हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की कुरुक्षेत्र यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 580 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने अफीम की खेप लेकर सप्लाई के लिए पहुंचे एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिक्रम कुमार गांव टोना टांड जिला चतरा, झारखंड का रहने वाला है।
यूनिट प्रभारी निरीक्षक मांगेराम ने बताया कि एसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि झारखंड निवासी बिक्रम कुमार बड़ी मात्रा में अफीम लेकर पिपली चौक क्षेत्र में सप्लाई करने पहुंचेगा।
सूचना के आधार पर टीम ने पिपली चौक ओवरब्रिज के पास जीटी रोड पर निगरानी और नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ समय बाद एक व्यक्ति पीठ पर बैग लटकाए आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही उसने वापस मुड़ने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 3 किलो 580 अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए पूछताछ में लगी है।