संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। भारत तिब्बत समन्वय संघ हरियाणा प्रांत की ओर से बौद्ध स्तूप पर बुद्ध पूर्णिमा मनाई गई। इस दौरान प्रांत अध्यक्ष डॉ. रुकमेश चौहान के नेतृत्व में संघ के सभी कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित किए। प्रांत महामंत्री डॉ. नवीन भारद्वाज ने महात्मा बुद्ध के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महात्मा बुद्ध ने अहिंसा और शांति के सिद्धांत को अपनाया था, जो कि प्रत्येक युग में किसी भी देश और समाज के लिए शांति एवं विकास का प्रतीक माना जाता है।
उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षा से प्रेरित होकर सम्राट अशोक ने भी अहिंसा के सिद्धांत का पालन करते हुए भविष्य में युद्ध न करने की नीति को अपनाया। उन्होंने बताया कि इस बौद्ध स्तूप का एक ऐतिहासिक महत्व भी है, क्योंकि पुरातात्विक स्रोतों के अनुसार यह स्थान खुदाई में मिला हुआ है जो कुषाण काल और हर्षवर्धन काल के समय की जानकारी को प्रदान करता है। पुरातत्व विभाग इसकी देखरेख कर रही है और आने वाली अगली बुद्धपूर्णिमा तक यहां पर एक विशाल बुद्ध प्रतिमा भी हमें देखने को मिलेगी।
जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं के लिए रिफ्रेशमेंट का प्रबंध किया। वहीं दूसरी ओर उपाध्यक्ष डॉ. ममता सूद ने इस पावन भूमि के बारे में विशेष जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर डॉ अर्चना, डॉ. सुमन सांगवान, नवीन भारद्वाज, गौ संरक्षण संयोजक अनुराधा अग्रवाल, संतोष शर्मा, अनीता रामपाल, धैर्य सूद, अशोक कुमार अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।