कुरुक्षेत्र। कल बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती की वंदना और महाआरती के साथ सरस्वती तीर्थ पर पांचवें अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव का समापन होगा। इस भव्य कार्यक्रम को जिलेभर की 24 संस्थाओं के सहयोग से संपन्न किया जाएगा।
खास बात यह है कि इस कार्यक्रम पर सरकार का एक भी रुपया खर्च नहीं हुआ, बल्कि जिलेभर की 24 संस्थाओं के सहयोग से इसे संपन्न किया जाएगा। पहली बार महोत्सव के मुख्यातिथि और विशिष्ट अतिथियों को ई-निमंत्रण के जरिए महोत्सव में आने का न्योता दिया गया। शायद यही कारण है कि सीएम मनोहर लाल अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को सरस्वती महोत्सव की तर्ज पर संस्थाओं के सहयोग मनाने का एलान कर चुके हैं। बता दें वीरवार को सरस्वती उद्गम स्थल आदि बद्री से तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ हो चुका है। आज पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में सरस्वती नदी विषय पर वर्चुअल सेमिनार होगा। वहीं 5 फरवरी को कैथल के पोलड़ तीर्थ पर धार्मिक कार्यक्रम होंगे तथा पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर समापन कार्यक्रम होंगे।
शनिवार को समापन में पांच मुख्य कार्यक्रम होंगे, जिसमें एक कुंडीय हवन यज्ञ से कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सहयोगी संस्थाओं के साथ सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के सदस्य रामधारी शर्मा और रघुविंद्र सिंह मुख्य यज्ञमान के रूप में शामिल होंगे। उसके बाद सरस्वती तीर्थ से ब्रह्मयोनि तीर्थ तक की परिक्रमा की जाएगी। दोपहर को भंडारे के बाद सरस्वती वंदना और भजन संध्या का आयोजन किया होगा। उसके बाद मां सरस्वती की महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस कार्यक्रम खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह मुख्यातिथि होंगे।
ये होगी सहयोगी संस्थाएं
नीर संस्था कुरुक्षेत्र, श्री तीर्थ पुरोहित महासंघ, मां सरस्वती युवा संगठन, बाला सुंदरी मंदिर कमेटी, भारत विकास परिषद, श्री सरस्वती राम नाटक क्लब, श्री खाटू श्याम सेवा समिति, श्री गणेश उत्सव कमेटी अनाज मंडी, श्री सारस्वत ब्राह्मण सभा, श्री कृष्ण कृपा मंच, श्री गोगामेड़ी निर्माण कमेटी, विश्व हिंदू परिषद, श्री दक्षिण काली पीठ संचालन समिति, श्री क्षेत्रपाल सेवा समिति, गोरक्षा सेवा दल, शिव सेना हिंदुस्तान, रोटरी क्लब पिहोवा, श्री गणेश उत्सव कमेटी पवन मार्केट, अनाज मंडी एसोसिएशन पिहोवा, हरियाणा मिल्क फूड, कैलाश धाम ब्रह्मयोनि, सेन्सस पेपर इंडस्ट्री, बड़ा शिवालय मंदिर, श्री लाल द्वारा कमेटी इस कार्यक्रम में सहयोगी संस्थाएं होंगी।
शीघ्र तैयार होगा सरस्वती तीर्थ से ब्रह्मयोनि तीर्थ तक का परिक्रमा पथ
हरियाणा सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमिच ने बताया कि समापन कार्यक्रम में केवल सरस्वती तीर्थ की परिक्रमा का कार्यक्रम तय था, मगर अब सरस्वती तीर्थ से ब्रह्मयोनि तीर्थ पर परिक्रमा की जाएगी। इस परिक्रमा पथ के सुंदरीकरण के लिए शीघ्र ही योजना बनाई जाएगी। यहां सरस्वती नदी के विस्तार के लिए भी कार्य किया जाएगा।