एलआईसी एजेंट द्वारा उपभोक्ता से खाली चेक पर हस्ताक्षर करवाकर खाते से चार लाख रुपये निकलवाने का मामले सामने आया है। शिकायतकर्ता ने 19 अगस्त को पुलिस को शिकायत सौंपी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अब गृह मंत्री अनिल विज के नाम पत्र लिखा था। गृह मंत्री के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी एलआईसी एजेंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव सैसा निवासी कृष्ण कुमार ने पिहोवा सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गोगा मेडी की सेवा करता है। गोगा मेडी पर मत्था टेकने पिहोवा एलआईसी का एजेंट गांव अरुणाय वासी नक्षत्र राम आता रहता था। उसने उसकी एक बीमा पॉलिसी की थी। उस पॉलिसी के लिए नक्षत्र राम ने उससे एक एचडीएफसी बैंक ब्रांच कुरुक्षेत्र का खाली चेक हस्ताक्षर करा लिया था। चेक के पीछे उसका पॉलिसी नंबर अंकित किया था। एजेंट नक्षत्र राम ने 19 अगस्त को उस खाली चेक से उसके खाते में धोखाधड़ी कर चार लाख रुपये निकलवा लिए। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी थी। पुलिस अधीक्षक ने शिकायत को पिहोवा थाने में भेज दिया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई।