संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को कानूनी साक्षरता एवं जागरूकता सेमीनार का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को कानूनी अधिकारों, जिम्मेदारियों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना था। प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद शास्त्री ने कहा कि आज के समय में विशेष रूप से युवाओं के लिए आत्मसम्मान और आत्मरक्षा हेतु कानूनी ज्ञान अत्यंत आवश्यक हो गया है।
उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय प्रणाली, सिद्धांतों और नागरिक अधिकारों की जानकारी देने की आवश्यकता पर बल दिया। सेमीनार में शाहाबाद कोर्ट के अधिवक्ता मनीष बहल, निशा और गुरमिंदर कौर डोली विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अधिवक्ता मनीष बहल ने कहा कि आज के समय में बच्चों और विशेषकर बेटियों के लिए कानूनी सुरक्षा संबंधी जागरूकता अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि विद्यालयों के माध्यम से समाज में कानूनी शिक्षा का प्रचार-प्रसार किया जाए। अधिवक्ता गुरमिंदर कौर डोली ने सरल उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के लिए कानून का उपयोग कैसे करें यह समझाया।
कार्यक्रम का संचालन रमेश चंद्र और रेनू शर्मा ने बेहतरीन ढंग से किया। ब्लॉक संयोजक कानूनी शिक्षा जयप्रकाश ने बताया कि विद्यालय में हर माह कानूनी जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ लेखन, भाषण व श्लोक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।
इस अवसर पर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से डिप्टी सुपरिटेडेंट विजेंद्र सिंह, सुजाता, सोनू कौशल, गीता, रमेश चंद्र, प्रीति गोयल, अंजलि सहित सभी शिक्षक गण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।