गांव दर्रा खेड़ा में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान से लाखों रुपये के गहने व नकदी चोरी कर ली। अज्ञात चोर मकान में खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुसे और घर में रखी अलमारी व संदूक का ताला तोड़कर सोने के दो जेवर और एक लाख रुपये नकद चुरा लिए। अज्ञात चोरों ने घर में पालतू कुत्ते को कोई नशीली चीज खिला दी। जिसके बाद कुत्ता बेहोश हो गया और चोर आराम से चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मकान से सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर जरूरी सबूत और फिंगर प्रिंट भी लिए हैं।
दर्रा खेड़ा निवासी धीरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका मामा गोपाल सैनी पिछले पांच साल से अमेरिका में सेटल है। पीछे से मकान की रखवाली की जिम्मेवारी गोपाल सैनी ने उसकी माता और उसे सौंपी हुई है। उसकी माता पिछले तीन दिन से बीमार थी, जिसके चलते तीन दिन से वे दर्रा खेड़ा वाले मकान में नहीं जा रही थी। इसी का फायदा उठाकर बीती रात अज्ञात चोर मकान की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे। अज्ञात चोरों ने सबसे पहले ड्राइंग रूम के साथ वाले कमरे में रखे संदूक का ताला तोड़कर उसके अंदर रखे दो सोने के जेवरात और एक लाख रुपये की नकदी चोरी की। इसके बाद चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी और बेड के बॉक्स को भी पूरी तरह से खंगाला और सामान को पूरी तरह से बिखेर दिया। अज्ञात चोरों ने पूजा घर को भी नहीं छोड़ा। अज्ञात चोरों ने चोरी की इस वारदात को आराम से अंजाम दिया। मौका देखने से लगता है कि अज्ञात चोरों ने मकान के अंदर बैठकर शराब पी होगी। जहां पर नमकीन व कुरकुरे के पैकेट नीचे गिरे हुए मिले हैं। चोरी की सूचना मिलने पर थाना कृष्णा गेट प्रभारी मलकीत सिंह ने मौके का दौरा किया। पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर मकान के अंदर से जरूरी सबूत एकत्रित किए।
इस बारे में जब थाना कृष्णा गेट प्रभारी मलकीत ने बताया कि धीरज की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से अज्ञात चोरों का पता लगाने का प्रयास करेगी। पुलिस ने मौके से फिंगर प्रिंट भी लिए हैं।