संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव चनारथल में बिजली करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय बलविंदर के रूप में हुई है, जो खेतों में स्प्रे और खाद डालने का काम करता था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
बलविंदर खेतों में काम समाप्त कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव की एक गली में स्थित ट्रांसफार्मर के समीप से गुजरते समय वह एक स्कूल वैन को रास्ता देने के लिए किनारे हुआ। उसी समय वह अचानक बिजली करंट की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नगारिक अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद गांव के लोगों में भारी रोष देखने को मिला।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगाए गए ट्रांसफार्मर और फ्यूज सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं हैं और काफी नीचे होने के कारण लगातार खतरा बना रहता है। ग्रामीण नरेश कश्यप ने बताया कि गांव की बिजली व्यवस्था लंबे समय से खराब चल रही है और इस संबंध में कई बार बिजली निगम को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार रविवार देर रात से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित थी। फ्यूज उड़ने के कारण सप्लाई बंद हो गई थी जबकि एक फेस लंबे समय से सीधे चलाया जा रहा था।
आरोप है कि रात में लाइनमैन को सूचना देने के बावजूद उसने सुबह ड्यूटी समय पर आने की बात कहकर मौके पर पहुंचने से इन्कार कर दिया। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के कई घंटे बाद तक बिजली निगम और प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफार्मरों और बिजली उपकरणों को सुरक्षित ऊंचाई पर स्थापित किया जाए।