नवंबर में होने वाली खेलो इंडिया गेम्स में कुरुक्षेत्र को भी मेजबानी करने का अवसर मिला है। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में खेलो इंडिया के तहत हॉकी के मैच आयोजित कराए जाएंगे। इसे लेकर जिला खेल विभाग ने तैयारी भी शुरू कर दी है। मालूम हो इस साल 21 नवंबर से 30 नवंबर तक 10 दिवसीय खेलो इंडिया गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हरियाणा के पंचकूला और कुरुक्षेत्र में गेम्स का आयोजन किया जाएगा। इसी के तहत शाहाबाद के हॉकी स्टेडियम में हॉकी के मैच आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा कुरुक्षेत्र में साइकिलिंग के लिए भी प्रयास किए जा रहे है। खेल इंडिया गेम्स के तहत शाहाबाद के स्टेडियम में होने वाले हॉकी मैच के लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। वहीं शाहाबाद हॉकी स्टेडियम में चेंजिंग भवन का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। गत दिनों ही खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह ने शाहाबाद हॉकी स्टेडियम का जायजा लिया था तथा चेजिंग भवन के निर्माण को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए थे। निर्माण का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को दिया गया है। इस निर्माण पर साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। डीएसओ बलबीर सिंह ने बताया कि शाहाबाद हॉकी स्टेडियम में खेलो इंडिया गेम्स से पहले चेंजिंग भवन का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। इस चेंजिंग भवन को दो मंजिला बनाया जाएगा। इस भवन में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रौजेक्ट पर राज्य सरकार की तरफ से साढ़े तीन करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। इसमें मीडिया कक्ष, ब्रॉडकास्टिंग कक्ष, खिलाडिय़ों के लिए चेजिंग कक्ष, मैनेजर कक्ष सहित जरूरत के अनुसार तमाम कक्ष व सुविधाएं होंगी। नवंबर से पहले इस कार्य को पूरा किया जाना है। उन्होंने बताया कि शाहाबाद हॉकी स्टेडियम खेलो इंडिया के तहत हॉकी मैच का आयोजन होगा। हालांकि कुरुक्षेत्र में साइकिलिंग कराने पर भी विचार चल रहा है। इसे खेल मंत्री संदीप सिंह से चर्चा की जाएगी। संभवत खेल मंत्री के प्रयासों से कुरुक्षेत्र में साइकिलिंग कराने को हरी झंडी मिल जाए।
डीएसओ बलबीर सिंह ने बताया कि स्टेडियम में ट्यूबवेल लगाने की मंजूरी मिल गई है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 18 लाख रुपये का खर्च होंगे। इसका काम भी शुरू किया गया है। खेलो इंडिया से पहले दोनों प्रोजेक्ट पूरे किए जाने है।