पुलिस ने जान से मारने की धमकी देने व दहेज मांगने के आरोप में अंकित, पवन, शालू, पूजा व ज्योति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में शाहाबाद वासी एक महिला ने कहा कि उसकी शादी अंकित के साथ 2017 में हुई थी। शादी के अगले दिन ही उसके ससुराल वालों ने उसके गहने ले लिए और कहा कि यह गहने परिवार के अन्य गहनों के साथ एक जगह पर सुरक्षित रखेंगे। शादी के बाद उसके ससुराल वाले कम दान दहेज के लिए ताने देते थे। उसका पति शराब पीकर उससे मारपीट करता था। शिकायतकर्ता अनुसार उसके पति ने उसे बताया कि यह शादी उसकी मर्जी के बिना हुई है क्योंकि वह अपने कॉलेज की एक छात्रा से प्यार करता है और उससे शादी करना चाहता है लेकिन उसके माता पिता ने जबरदस्ती करा दी। उसके ससुराल वाले दहेज में कार की मांग करते हैं। उसका ससुर उस पर बुरी नजर रखता था और उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश करता रहता था। उसके ससुराल वालों ने पुत्र प्राप्ति के लिए तांत्रिकों का सहारा भी लिया था। आरोपियों ने उसका गर्भपात कराने की नीयत से उसके पेट में लातें व मुक्के मारकर घर से निकाल दिया था। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।