कुरुक्षेत्र। भारतीय वन्य जीव संस्थान देहरादून द्वारा कुवि का पर्यावरण चैम्पियन अवार्ड-2025 के लिए चयन किया गया है। इससे विश्वविद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई है। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा एवं कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल ने प्रो. दीपक राय बब्बर को तीन साल की पर्यावरण गतिविधियों के संकलन करने एवं पर्यावरण चैम्पियन अवार्ड-2025 के नोमिनेशन करने व अवार्ड के चयन पर बधाई दी है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सामाजिक जागरुकता के लिए अग्रणी रहा है। इसी दिशा में हमारे शिक्षक भी समाज को पर्यावरण के प्रति जागरुक कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के क्षेत्र में कुवि को भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून द्वारा अवार्ड के लिए चयन करना निश्चय की हमारे शिक्षक, कर्मचारियों व विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरुक व प्रेरित करेगा। कुवि कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि अवार्ड के लिए चयन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हमारे प्रयास को ओर अधिक बल देगा।
वाइल्ड लाइफ वॉरियर कैटेगरी के आधार पर मिला अवार्ड
जूलॉजी विभाग के शिक्षक प्रो. दीपक राय बब्बर ने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत भारतीय वन्य जीव संस्थान, देहरादून द्वारा गंगा बेसिन के राज्यों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में शिक्षकों के जरिए आवेदन मांगे गए थे। इसके लिए केयू प्रो. दीपक राय बब्बर ने पिछले तीन वर्षो की व्यक्तिगत, संस्थागत एवं शैक्षणिक पर्यावरण गतिविधियों का संकलन करके वाइल्ड लाइफ वॉरियर कैटेगरी में आवेदन किया था जिसके आधार पर केयू का पर्यावरण चैम्पियन अवार्ड 2025 के लिए चयन किया गया है।