जेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान भिड़े सोढ़ी और कृष्ण दादुपुर के गुर्गे
- फोटो : संवाद
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में जिला जेल में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में विक्की सोढ़ी व कृष्ण दादुपुर गैंग के गुर्गे आपस में भिड़ गए। इसमें दोनों पक्ष को चोट आई है। जेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुलिसकर्मी इनकी पेशी लगवा रहे थे। इसी दौरान दोनों गैंग के गुर्गों के बीच हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई, जिसके पीछे पुरानी रंजिश मानी जा रही है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने जाली की तार और लोहे की पत्तियां बरामद की हैं, वहीं शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों को नामजद किया है।
थाना शहर थानेसर में दर्ज शिकायत में जिला जेल डीएसपी शिवेंद्र पाल ने बताया कि जिला जेल में सोढ़ी गैंग और कृष्ण दादुपुर गैंग के सदस्य बंद है। इन बंदियों को सुबह 10 बजे वीसी रूम में कोर्ट की पेशी के लिए लाया गया था। इस दौरान इन बंदियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
सोढ़ी गैंग के देवेंद्र कुमार व सुमित गढ़वाली ने कृष्ण दादुपुर गैंग के सन्नी पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया। इस हमले में उनको कुछ चोट भी आई है। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से तार व लोहे की पत्ती बरामद की। शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ भादसं की धारा 148, 149, 323, 506 और जेल अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सन्नी पर दर्ज हैं 14 मामले
आरोपी सन्नी पिछले करीब सात महीने से जिला जेल में बंद है। आरोपी पर थाना लाडवा में शस्त्र अधिनियम का मामला दर्ज है। इसके अलावा उस पर 14 मामले और दर्ज हैं आरोपी छह अक्तूबर से जेल में बंद है। सन्नी कृष्ण दादुपुर गैंग का सदस्य है, जबकि देवेंद्र और सुमित गढ़वाली विक्की सोढ़ी गैंग के गुर्गे हैं।
मारपीट में आई थी हल्की चोट, की गई है कार्रवाई : अधीक्षक
जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत का कहना है कि दोनों पक्षों के गुर्गों में मारपीट के दौरान हल्की चोट आई थी। उन्हें उपचार दिलाया गया तो वहीं दोनों पक्षों के तीन आरोपियों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है। मारपीट के पीछे जेल में आने से पहले की रंजिश सामने आ रही है। अभी मामले की जांच जारी है।