हरियाणा पुलिस में पुरुष सिपाही पद के लिए 18 हजार परीक्षार्थी फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। यह टेस्ट प्रक्रिया 15 जून से 4 जुलाई तक सुबह 5 बजे और शाम 4 बजे दोनों सत्रों में चलेगी। यह जानकारी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भारत भूषण भारती ने शनिवार को दी। टेस्ट प्रक्रिया में परीक्षार्थी को 25 मिनट में 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।
दौड़ के समयानुसार अंक निर्धारित हैं। एचएसएससी ने 20 से 25 मिनट में दौड़ पूरी करने पर 15 से 10 अंक निर्धारित किए हैं। इस टेस्ट प्रक्रिया की सभी तैयारियां 13 जून से पहले प्रशासनिक अधिकारियों को मुकम्मल करने के निर्देश दिए हैं। टेस्ट प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता होगी। चेयरमैन भारत भूषण भारती शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इसके उपरांत चेयरमैन भारत भूषण भारती, उपायुक्त राजनारायण कौशिक, डीएसपी कृष्ण कुमार व जिला स्तर के तमाम अधिकारियों ने उमरी चौंक से लेकर आयुर्वेदिक कालेज तक के ट्रैक का जायजा लिया।
परीक्षार्थी उमरी चौक से आयुर्वेदिक कॉलेज (वाया पलवल रोड के सामने से) 2.5 किलोमीटर आएंगे और फिर 2.5 किलोमीटर दौड़ कर उमरी चौक तक पहुंचेंगे। इस मौके पर उपायुक्त राजनारायण कौशिक, नगराधीश डॉ. पूजा भारती, डीएसपी कृष्ण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।