कुरुक्षेत्र। हरियाणवी फिल्म ‘सांगी’ इन दिनों हर तरफ चर्चा में है। फिल्म में दादी का किरदार बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा की मां आशा हुड्डा ने निभाया है। वहीं इस फिल्म में मुख्य विलेन की भूमिका कुरुक्षेत्र के शांतिनगर निवासी अमित चौहान निभा रहे हैं। अमित थिएटर आर्टिस्ट हैं जो कई नाटकों का मंचन भी कर चुके हैं जिसमें महारथी सबसे अधिक लोकप्रिय है। साथ ही वे कई हरियाणवी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।
अमित ने बताया कि इस फिल्म में उन्होंने दिलावर का किरदार निभाया है। फिल्म पूरी कहानी अमन नामक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सांग में महिला बनकर नाचता है। जहां उसकी मां चाहती है कि वह अच्छा कलाकार बने, वहीं पिता सांग में काम करने वालों की कोई इज्जत नहीं, ऐसी सोच रखते हैं।
अमित ने बताया उनकी एंट्री यहां से होती है जब अमन लड़की बनके नाचता है तो मेरा उस पर दिल आ जाता है लेकिन वो लड़का होता है और एक समय बाद वो मेरी आंख फोड़ देता है। फिर वो प्यार दुश्मनी में बदल जाता है और पूरी कहानी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही अभिनय का शौक था और वे अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती से प्रभावित रहे हैं। हालांकि पढ़ाई के दौरान यह सपना पीछे छूट गया लेकिन बीए के समय गोविंदा के गाने पर डांस कर 75 रुपये का इनाम मिलने के बाद उन्होंने फिर अभिनय की राह पकड़ ली।
इसके बाद उन्होंने थिएटर और नाटकों में सक्रिय रूप से भाग लेना शुरू किया और साल 2003 में पंजाब यूनिवर्सिटी के इंडियन थिएटर विभाग से अभिनय की विधिवत शिक्षा ली। उन्होंने एमए थिएटर करने के दौरान देश के प्रसिद्ध गुरुओं से प्रशिक्षण प्राप्त किया और बाद में पांडिचेरी यूनिवर्सिटी से एमफिल कर थिएटर निर्देशन में भी दक्षता हासिल की।
वर्ष 2012 में मुंबई में उन्होंने फिल्म ‘व्हाट्स द प्लान ड्यूड’ में लीड भूमिका निभाई, हालांकि यह फिल्म रिलीज नहीं हो सकी। इसी वर्ष एक सड़क हादसे में उन्होंने अपना दायां पैर खो दिया जिससे उनका जीवन पूरी तरह बदल गया। करीब पांच साल के संघर्ष के बाद वर्ष 2017 में उन्होंने फिर से थिएटर में वापसी की। इस बार एक निर्देशक के रूप में फिलहाल अमित चौहान लगातार थिएटर और सिनेमा से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि वे जीवन के अंतिम क्षण तक थिएटर और सिनेमा से जुड़े रहेंगे।
रणदीप हुड्डा ने की तारीफ, बोले- पूरी सांगी टीम को बधाई
फिल्म के लिए रणदीप हुड्डा ने भी सोशल मीडिया पर मां की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “जिब मां के रोल का टेम था, टेम ना मिल्या, तै ईब सीधा दादी का।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि मां के रोल का मौका नहीं मिला लेकिन अब सीधे दादी का किरदार मिला। उन्होंने पूरी सांगी फिल्म की टीम को बधाई दी है।
कुरुक्षेत्र। सांगी फिल्म की शूटिंग के दौरान अमित चौहान । स्वयं
कुरुक्षेत्र। सांगी फिल्म की शूटिंग के दौरान अमित चौहान । स्वयं
कुरुक्षेत्र। सांगी फिल्म की शूटिंग के दौरान अमित चौहान । स्वयं