अधिकारियों से बातचीत करते आढ़ती
- फोटो : संवाद
कुरुक्षेत्र में गत दिवस शुक्रवार से धान खरीद शुरू हो गई है, जिसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्था किए जाने के दावों की पोल दूसरे ही दिन थानेसर अनाजमंडी के आढ़तियों ने खोल दी। उन्होंने न केवल धान खरीद करवाने से इंकार कर दिया बल्कि दो घंटे मिन्नतें करने के बावजूद खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को बैरंग लौटना पड़ा। आढ़तियों ने ऐलान किया कि जब तक धान खरीद से लेकर उठान तक की पूरी व्यवस्था नहीं होगी वे अपना काम ठप रखेंगे।
खरीद एजेंसियों ने गत दिवस पहले दिन जिले की 22 में से तीन अनाजमंडियों से 115 एमटी धान की खरीद की थी जबकि थानेसर सहित अन्य मंडियों में आज खरीद शुरू होनी थी। अधिकारी पहुंचे ही थे कि आढ़ती एकजुट हो गए, जो रोष जाहिर करने के लिए मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने बैठक कर फैसला लिया कि जब तक प्रशासन पूरी व्यवस्था नहीं करेगा वे खरीद कार्य ठप रखेंगे। वहीं मार्केट कमेटी कार्यालय में ही बैठे खरीद एजेंसियों के अधिकारियों एवं मार्केट कमेटी सचिव हरजीत सिंह ने उन्हें मनाने का प्रयास किया लेकिन आढ़ती अपनी मांग पर अड़े रहे।
बारदाना सिलाई से लेकर उठान तक के लिए मजदूर तक नहीं
आढ़तियों ने कहा कि प्रशासन के पास अभी तक खरीद की जाने वाली धान की बारदाने में भराई से लेकर सिलाई व उठान के लिए मजदूर तक नहीं है। यहां तक कि मिलर्स ने भी अभी तक अपनी मांगों के चलते एग्रीमेंट तक नहीं किया है। ऐसे में खरीद की जाने वाली धान का उठान संभव नहीं हो सकता। अधिकारी खरीद के बाद चले जाएंगे और वह धान उनके प्रतिष्ठानों पर पड़ा रहेगा। जिसमें मौसम व अन्य कारणों के चलते नुुकसान होना लाजमी है, जिसकी भरपाई बाद में आढ़तियों से ही कराई जानी है। ऐसे में वे पूरी व्यवस्था होने तक खरीद कार्य ठप रखेंगे।
आढ़तियों ने दिखाई एकजुटता, पहुंची सभी यूनियनें
मामले को लेकर आढ़तियों में एकजुटता भी दिखी। सभी यूनियनों के प्रधान व अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तो स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें पूरी सुविधा व व्यवस्था नहीं दी जाती, वे खरीद कार्य के लिए एजेंसियों के अधिकारियों को मंडी में नहीं जाने देंगे। इस दौरान आढ़तियों की यूनियन के प्रधान माया राम चंद्रभानपुर, दौलत राम बंसल, बलविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में आढ़ती मौजूद रहे।