कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (केयू) की पुरुष वॉलीबॉल टीम ने एक बार फिर नया इतिहास रच दिया। केयू की टीम ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को 3-0 से हराकर नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल पुरुष चैंपियनशिप पर 18वीं बार कब्जा कर लिया। दोनों टीमों के बीच हुए तीन रोमांचक मुकाबलों में 25-20, 25-18 और 25-20 स्कोर रहा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन गुरुवार को दो लीग मैच खेले गए। पहले मैच में जीएनडीयू अमृतसर ने पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला को हराया, जबकि दूसरे मैच में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को शिकस्त दी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने प्रथम, जीएनडीयू अमृतसर ने द्वितीय, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ की टीम ने तृतीय और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने चौथा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पहुंचे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि केयू शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी देश के श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में से एक है। यह हरियाणा के लिए गर्व की बात है कि यह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रहा है। कुलपति ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। कहा कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा ने भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम को लगातार 18वीं बार जीतने के लिए बधाई दी।
खेल विभाग के कार्यवाहक निदेशक डॉ. राजेश सोबती ने बताया कि नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता का खिताब मेजबान कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने लगातार 18वीं बार जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। लगातार 23वीं बार ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। यह प्रतियोगिता के आईआईटी यूनिवर्सिटी भुवनेश्वर की ओर से चार से सात जनवरी 2022 तक आयोजित कराई जाएगी। कार्यक्रम में अर्जुन पुरस्कार विजेता अमीर सिंह, अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं मेंबर ज्यूरी ऑफ अपील डॉ. दलेल सिंह, राज सिंह खत्री, डॉ. मोहिंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।