नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। चितकारा यूनिवर्सिटी राजपुरा में आयोजित हुई बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लीग मैच में 74-53 स्कोर से लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की टीम को मात दी है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के बीच हुए क्वार्टर मुकाबले में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने 67-33 से हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी की टीम को मात दी।
प्रथम क्वार्टर का स्कोर 13-13 बराबर रहा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की खिलाड़ी तरविंदर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 अंक, प्रीती ने 11 और मनाली ने 10 अंक हासिल किए और टीम को विजयी बनाया। बास्केटबॉल महिला खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा ने बधाई दी और आगे मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी। केयू खेल निदेशक राजेश सोबती ने बताया कि विश्वविद्यालय की महिला बास्केटबॉल की टीम ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी महिला बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बताया कि दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी मुरथल में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भी केयू की टीम शानदार प्रदर्शन करके गोल्ड मेडल हासिल करेगी।