कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) की ओर से आयोजित एक्सेलसियर-2025 का शनिवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि कुलपति सोमनाथ प्रो. सचदेवा ने विद्यार्थियों की ऑर्गेनाइजर टीम और प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
एक्सेल्सियर संयोजक डॉ. अजय जांगड़ा व सह संयोजक डॉ. पूनम डब्बास ने बताया की फैशनिस्टा अनेकता में एकता दिखाने वाली उर्वशी राणा की टीम फैशनिस्टा में प्रथम रही, तुष्टि की टीम हेलो विन दूसरे और चिराग शर्मा की टीम वैलोमोरा तीसरे स्थान पर रही। मिस एक्सेल्सियर ज्योति बाला तथा मिस्टर एक्सेल्सियर नमन सैनी को चुना गया। रोबोवार की प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। वहीं यूआईईटी की बैंड टीम और भंगड़ा टीम ने धमाकेदार प्रस्तुति दी। फैशन शो में प्रतिभागियों ने अलग -अलग परिधानों में छठा बिखेरी। समूह नृत्य में यूफोरिया पहले, दा जलवा गर्ल्स दूसरे तथा नो सिग्नल तीसरे स्थान पर रहे। ज्योति बाला ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया तथा नीरू सैनी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं विषय पर कविता सुनाई तथा महिला शिक्षकों द्वारा रैंप वाक की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि यूआईईटी संस्थान देश के चुनिंदा संस्थानों में से एक है। संस्थान द्वारा आयोजित एक्सेल्सियर-2025 ने विद्यार्थियों को उद्यमिता नेतृत्व के नए आयाम देकर गया, जिससे विद्यार्थियों की उद्यमिता और नेतृत्व क्षमता प्रबल हुई है। विभिन्न स्तर पर किए गए सर्वों में यूआईईटी संस्थान अग्रणी रहा है। शोध, खेल और सांस्कृतिक क्षेत्र में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की अपनी अलग पहचान है। विश्वविद्यालय ने फिल्म इंडस्ट्री को कई बड़े कलाकार दिए हैं। उद्यमिता से जुड़े विद्यार्थियों के लिए विवि हर प्रकार की मदद के लिए तैयार है। विद्यार्थी यदि अपनी संकल्प शक्ति को मजबूत करेंगे तो सफलता अवश्य मिलेगी।
यूआईईटी संस्थान के निदेशक प्रो सुनील ढींगरा ने बताया कि विद्यार्थियों की तकनीकी शिक्षा, कला के संयोजन को संस्थान हमेशा विकसित करने के लिए प्रयासरत है। जो विद्यार्थी अनुशासन में रहते हैं, उनको सफलता मिलती है। एक्सेल्सियर अनुशासान सीखने का बेहतरीन प्लेटफार्म रहा। इस मौके पर डॉ. ममता सचदेवा, डॉ. दीप्ति चौधरी, डॉ. प्रज्ञा, डॉ. दिव्या, डॉ. रविंद्र चौधरी डॉ. राजेश अग्निहोत्री, डॉ. संजीव आहूजा सहित अन्य शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।