कुरुक्षेत्र। दो महीने पहले जिला करनाल के गांव राहड़ा के रहने वाले जुगनू (30) के दोनों हाथ काटकर ले जाने के मामले में सीआईए-एक ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी संजय पाल निवासी मुआना (जींद) को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया। इस वारदात में जुगनू ने संजय का हाथ होने का शक जताया था, क्योंकि जुगनू ने करीब दो साल पहले असंध क्षेत्र के गांव जयसिंहपुर के पास अपने एक साथी के साथ गोलियां चलाई थी। उस समय जुगनू बाइक चला रहा था।
अपराध अन्वेषण शाखा-एक के प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि नौ जनवरी को राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरुक्षेत्र हवेली पर दिन के समय कुछ अज्ञात लोग जुगनू के दोनों हाथ काटकर साथ ले गए थे। शिकायत पर पुलिस ने थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज करके जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी। मामले की जांच करते हुए उनकी टीम ने आरोपी अनिल उर्फ नीला हाल निवासी असंध रोड पानीपत व हरदीप नायक हाल निवासी रेलवे कॉलोनी जींद को कैथल-जींद बॉर्डर से रिटीज कार सहित गिरफ्तार किया था। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल दो कटर बरामद किए थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 15 जनवरी को दो और आरोपी उमराव सिंह उर्फ अमर निवासी राहड़ा व नितिन निवासी जुलानी (जींद), 18 जनवरी को तीन आरोपी राजेश उर्फ भूरिया आदिवासी काकरोद, कुलबीर शर्मा निवासी पेगा व आदित्य उर्फ आदि निवासी सफीदों (जींद) और 24 जनवरी को दीपेंद्र राठी उर्फ टीनू निवासी साहनपुर (जींद) को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दीपेंद्र राठी को जिला जींद से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया था।
अब इस मामले में जांच करते हुए पुलिस ने संजय पाल को गिरफ्तार किया, जिसे अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया। पुलिस गहनता से मामले जांच में जुटी है। इस मामले में अब तक नौ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।