कुरुक्षेत्र। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते जसविंदर खेरा। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा 2024 के परिणामों में कथित अनियमितताओं और संदेहास्पद परिस्थितियों के लिए जननायक जनता पार्टी के युवा संगठन ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। युवा जेजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को लघु सचिवालय कुरुक्षेत्र पहुंचकर नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा जेजेपी के जिला अध्यक्ष राजेश पायलट ने किया, अध्यक्षता युवा जेजेपी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. जसविंदर खेहरा व जिला प्रभारी सूर्य प्रताप राठौर ने की। युवा जेजेपी के बैनर तले जुटे कार्यकर्ताओं ने एचटीईटी परिणाम में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
राजेश पायलट ने कहा कि एचटीईटी परीक्षा परिणाम से जुड़ी अनियमितताएं परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परीक्षा परिणाम पूरी तरह तैयार हो चुका था तो उसे अचानक क्यों रिकॉल किया गया और इसके कारणों को सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा परिणाम तैयार करने का कार्य एक ऐसी पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग को सौंपा गया, जिसे इस प्रकार के कार्य का कोई पूर्व अनुभव नहीं था।
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. जसविंदर खेहरा ने कहा कि पहले परिणाम मात्र 30 दिनों में तैयार हो गया था, जबकि संशोधित परिणाम तैयार करने में 110 दिन क्यों लगे, यह समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि नए परिणाम में त्रुटि के मार्जिन के आधार पर 1284 नए अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया। इन अभ्यर्थियों के परिणाम हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर भी प्रदर्शित नहीं किए गए और उनकी बायोमेट्रिक प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई। इस मौके पर हिमांशु सुरखपुर, मयंक सैनी और मनदीप भी मौजूद रहे।