इस्माईलाबाद। थाना क्षेत्र के ठसका मीरांजी गांव में चोरों ने एक घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर नकदी सहित सोने-चांदी के गहनों की चोरी कर ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित दविंद्र सिंह ने थाने में दी शिकायत में बताया कि 4 जनवरी की सुबह वह मांडी साहिब गुरुद्वारा स्थित अपनी दुकान पर घर को ताला लगाकर पत्नी के साथ निकले थे। शाम करीब सवा नौ बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला लगा हुआ था लेकिन घर के अंदर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में रखे 23 हजार रुपये नकद गायब थे। सोने के गहने और उजागर सिंह की पुत्रवधू की पेटी से सोने की एक जोड़ी बालियां, 15 तोले चांदी की पाजेब और बच्चे के कंगन भी चोरी हुए मिले। मामले की जांच कर रहे एसआई राजपाल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।