पिहोवा। खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह ने रविवार को कहा कि नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ-साथ प्राचीन संस्कृति और धर्म का ज्ञान देना बहुत जरूरी है। धर्म से विमुख होना हमेशा पतन की ओर ले जाता है। खेल राज्यमंत्री तहसील रोड पर गुरुद्वारा साहिबजादा बाबा फतेह सिंह गुरमत विद्यालय के शिलान्यास के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थानों का दायित्व बनता है कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए उन्हें धर्म का ज्ञान दें। संदीप सिंह ने कहा कि संतों का काम लोगों को राह दिखाकर मानवता की सेवा करने का संदेश देना है। संत समाज अपने इस कर्तव्य को बखूबी निभा रहा है। बाबा शेर सिंह निहंग की ओर से गुरुद्वारा साहिबजादा बाबा फतेह सिंह गुरमत विद्यालय शुरू करने का काम सराहनीय है। इससे नई पीढ़ी को अपने गौरवमयी इतिहास का ज्ञान होगा।
विज्ञापन
इस अवसर पर श्री सुखमणि साहिब के पाठ भी करवाए गए। सिख समाज के विद्वान कथावाचकों, रागी ढाडी जत्थों और संत महापुरुषों ने संगत को गुरु चरणों से जोड़ा। धार्मिक आयोजन में हिस्सा लेने के बाद खेल राज्यमंत्री ने पूजा कॉलोनी और पुराना बाजार में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की।
उन्होंने कहा कि कस्बे के सुंदरीकरण और स्वच्छता के लिए सरकार ने नगरपालिका को भारी बजट दिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने क्षेत्र के लिए 275 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को हरी झंडी दी है। साथ ही केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र के 12 गांवों में विलेज नॉलेज सेंटर स्थापित करने को भी मंजूरी मिली है। केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सहयोग से जिन गांवों में पंचायत कर नहीं है उन गांवों में पंचायत भवनों का निर्माण भी कराया जाएगा।