संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए वीरवार को लघु सचिवालय की नई बिल्डिंग के सभागार में डीसी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूल प्रिंसिपलों, सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं, राइस मिल एसोसिएशन, व्यापार मंडल एसोसिएशन और आढ़ती एसोसिएशनों और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने भाग लिया।
राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन में 40 हजार स्कूली विद्यार्थी साक्षी बनेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले एक-एक व्यक्ति की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। सभी की भागीदारी से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक लाख एक हजार लोगों द्वारा एक साथ योग करने के सपने को लक्ष्य तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने सभी संस्थानों को 15 जून तक अपना रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की, ताकि सभी सेक्टर अलॉट किए जा सके। ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड को 100 सेक्टरों में बांटा गया है।
प्रत्येक सेक्टर में एक हजार नागरिकों को योग के लिए बिठाया जाएगा। किसी भी सेक्टर में कोई भी स्थान खाली नहीं रहना चाहिए। 15 जून तक सभी संस्थान अपने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूरा करना सुनिश्चित करे। प्रशासन द्वारा संस्थाओं को पूरा सहयोग किया जाएगा। संस्थाओं ने भी योग के साथ-साथ ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था की भी जिम्मेदारी ली है।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सभी स्कूलों को 40 हजार विद्यार्थियों के साथ पहुंचना है। आपसी तालमेल के लिए सभी स्कूलों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर जोड़ा गया है। इस ग्रुप में सभी प्रकार की जानकारी स्कूलों के लिए मुहैया करवाई जाएगी। विद्यार्थियों के लिए टी-शर्ट, पानी की व्यवस्था, रिफ्रेशमेंट, सर्टिफिकेट की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों के अलावा स्कूली स्टाफ को भी प्रशंसा पत्र जारी किया जाएगा, जो विश्व रिकॉर्ड की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। सभी स्कूलों को छठी कक्षा से 12वीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों, स्कूल का टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ और परिजनों को योग दिवस के कार्यक्रम में लेकर आएंगे।