इनसो के 14वें स्थापना दिवस पर अनाज मंडी में शुक्रवार को आयोजित राज्यस्तरीय रैली में संगठन ने जहां अपनी चुनावी तैयारियों को दिखाते हुए छात्रों पर अपनी पकड़ साबित की वहीं प्रदेश में होने वाले अगले विधानसभा व लोक सभा चुनावों के लिए भी अभी से तैयारी किए जाने के लिए छात्रों में जोश भरा। रैली में कलाकारों ने हजारों की संख्या में उमड़ी युवाओं की भीड़ का मनोरंजन कर समा बांधे रखा।
इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि मनोहर लाल खट्टर सरकार युवा व शिक्षा की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में दंगे केवल यूपी चुनावों के मद्देनजर करवाए गए। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले 56 इंच के सीने की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीना 26 इंच कर रह गया है। इनसो नेता ने कहा कि उनके दादा व पिता को केवल राजनीतिक द्वेष के चलते कांग्रेस ने जेल भिजवाया। उन्होंने कहा कि उनके दादा ओमप्रकाश चौटाला सोनिया के दरबार में न कभी झुके और न ही झुकेंगे। उन्होंने कहा कि यदि उनके पूरे परिवार को जेल में डाल तो वे झुकेंगे नहीं।
-----
सरकार को जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं : अरोड़ा
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। वह तो केवल जाति-पाति व धर्म की राजनीति कर रही है। छात्र हितों को भी वर्तमान सरकार ने पूरी तरह से दरकिनार कर दिया है। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का अस्तित्व ही समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
----
पूरे देश की जनता देवीलाल को करती है याद : तेज प्रताप
सपा सांसद तेजप्रताप यादव ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने हरियाणा के हर वर्ग के लिए कई बड़े कार्य किए जबकि देश के विकास में भी उनका अहम योगदान रहा है। उनके किए कार्याें के चलते ही आज पूरे देश के लोग उन्हें याद करते हैं। उन्होंने छात्रों को इनेलो संगठन मजबूत बनाने व अगले चुनाव में इनेलो को सत्ता दिलाने में अहम भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
-----
इन नेताओं ने भी किया संबोधित
रैली को पिहोवा विधायक जसविंद्र सिंह संधू, गगनजोत संधू, इनसो प्रभारी प्रो. रणधीर सिंह चीका, इनसो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जसविंद्र खैरा, इनसो के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप देशवाल, युवा प्रदेशाध्यक्ष गुरविंद्र तेजली, रणविजय सिंह, प्रदीप गिल, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. केसी बांगड़, कुवि संयोजक विक्रम गुर्जर, इनसो नेत्री मंजू जाखड़ सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक अनूप धानक, बरवाला से विधायक वेद नारंग, दादरी से विधायक राजदीप फोगाट, महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, संतोष दहिया, कैथल से जोगिंद्र कसान, सुभाष मिर्जापुर, वरुण गुप्ता अमित बूरा, शमशेर नाड़ा, योगेश शर्मा, गुरमीत हुंदल आदि मौजूद रहे।