पार्किंग का उद्घाटन करते विधायक सुधा।
- फोटो : Amar Ujala
शहर में पिपली से लेकर थर्ड गेट तक ई-रिक्शा चलाने की योजना पर राज्य सरकार ने मोहर लगा दी हैं। इस योजना के लिए बीपीएल कार्ड धारक को ई-रिक्शा के लिए वित्तीय संस्थान से 1 लाख 15 हजार का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए बीपीएल कार्ड धारक को निर्धारित शर्तों के अनुसार अपना आवेदन जमा करवाना होगा।
इससे शहर के पर्यावरण में सुधार आएगा और बीपीएल कार्ड धारक रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। यह जानकारी विधायक सुभाष सुधा ने दी। वे बुधवार को देर सायं सेक्टर 17 में 1 करोड़ 75 लाख की लागत से बनने वाली पार्किंग कार्य का उद्घाटन करने के उपरांत बातचीत कर रहे थे।
इसके पश्चात विधायक ने बिरला मंदिर के सामने मेन बाजार रेलवे फाटक के पास 3 लाख 33 हजार की लागत से बने लक्ष्मण चौक का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि सेक्टर 17 के सभी पार्किंग स्थल 9 इंच सीसी के बनाए जाएंगे। सभी पार्किंग स्थलों पर 1 करोड़ 75 लाख का बजट खर्च किया जाएगा। इस मौके पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष सुरेंद्र छिंदा, संदीप कोहली, दीपक सिडाना, लक्ष्मीकांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे।
थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर के साथ कई एकड़ जमीन पर नाईट शेल्टर (रात्रि विश्राम गृह) का निर्माण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए राज्य सरकार ने 4 करोड़ 35 लाख का बजट पारित किया हैं। इस रात्रि विश्राम गृह में कोई भी व्यक्ति रात्रि गुजार सकेगा। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने थानेसर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के उद्देश्य से 25 डम्पर खरीदने के लिए 1 करोड़ की राशि नगर परिषद को दे दी हैं।
शहर भ्रमण के लिए 200 रुपए पर मिलेगी साइकिल
थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि शहर में आमजन की सुविधा के लिए 200 रुपए प्रतिदिन का कार्ड बनवाने पर साइकिल किराये पर दी जाएगी। इसके लिए पिपली से लेकर थर्ड गेट तक कई जगहों पर साइकिल स्टैंड बनाए जाएंगे। कोई भी व्यक्ति किसी भी स्टैंड 200 रुपए का कार्ड बनावकर सुबह से लेकर सायं तक साइकिल किराये पर ले सकेगा।