कुरुक्षेत्र। दयानंद महिला महाविद्यालय में आई. क्यूएसी, रिसर्च एवं डवलपमेंट सेल और फैकल्टी डवलपमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साप्ताहिक फैकल्टी डवलपमेंट प्रोग्राम का शनिवार को समापन हो गया। एडवांस ऐक्सेल टूल्स एंड ए आई फॉर टीचिंग, लर्निंग एंड डॉक्यूमेंटेशन विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक और गैर शिक्षक वर्ग ने सक्रिय सहभागिता की।
समापन दिवस के अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. उपासना आहूजा ने कहा कि कार्यशाला में सभी ने आधुनिक तकनीकी माध्यमों, नवाचार, और व्यावहारिक अनुप्रयोगों का व्यापक ज्ञान प्राप्त किया जो शिक्षा के बदलते परिदृश्य में न केवल आवश्यक है अपितु अनिवार्य भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों की कार्यकुशलता को बढ़ाना तथा शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, सरल और तकनीक-आधारित बनाना है। इस सप्ताह के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, एआई टूल्स का प्रयोग, प्रश्नपत्र निर्माण, मूल्यांकन एवं फीडबैक रिपोर्ट, उपस्थिति, परीक्षापरिणाम एवं प्रगति रिपोर्ट, एडवांस एक्सेल टूल्स के प्रयोग से डेटा एंट्री, फार्मूला एवं फंक्शन्स, पिवेट टेबल, पिवट चार्ट, डेटा एनालिसिस एवं डेटा फोर्मेटिंग आदि का प्रशिक्षण प्रतिभागियों को दिया गया।