कुरुक्षेत्र। विद्यार्थियों को स्वास्थ रहने के टिप्स देते विशेषज्ञ। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। अथर्व नव विकास संस्थान कुरुक्षेत्र ने राजकीय उच्च विद्यालय खेड़ी मारकंडा में गर्मी में होने वाले रोगों के प्रति जागरूक व परामर्श शिविर का आयोजन किया। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश भारद्वाज ने कहा कि भारत में 22 प्रतिशत जनसंख्या किशोरावस्था में है व देश का भविष्य इन्हीं पर निर्भर करता है। इस उम्र में शारीरिक विकास व मानसिक विचारों में विकास तेज गति से होता है। इनके स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, पांच से छह गिलास पानी, सात से आठ घंटे की नींद, हर रोज एक घंटे के लिए शारीरिक व्यायाम व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान, रोग प्रतिरोधी टीके लगवाने के बारे में जानकारी दी। इसी के साथ मानसिक स्वास्थ्य के लिए, तनाव कम करने के तरीके, स्क्रीन टाइम व सोशल मीडिया पर उचित सावधानियों के बारे में बताया।
डॉ. संजय शर्मा के नेतृत्व में नि:शुल्क चिकित्सा एवं जागरूक शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि गर्मियों की तीव्र लहरें नन्हे बच्चों के कोमल शरीर पर गहरा असर डाल सकती हैं। ऐसे समय में उनका विशेष ध्यान रखना न केवल जरूरी, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। दूषित भोजन व पानी से होने वाली डायरिया, उल्टी और फूड प्वाइजनिंग, साथ ही हीट रैश, स्किन संक्रमण और हीट स्ट्रोक जैसे रोग, बच्चों की मुस्कान छीन सकते हैं। इनसे बचाव के लिए तेज धूप से सुरक्षा भी अनिवार्य है। इस मौके पर डॉ. सिमरन आनंद दंत विशेषज्ञ, मुख्य अध्यापिका पूनम, संदीप शर्मा, ममता गुप्ता, ऊषा पंचाल, अश्वनी कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।