शाहाबाद। नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते विश्व हिंदू परिषद के सदस्य। विज्ञप्ति
शाहाबाद। विश्व हिन्दू परिषद के सदस्यों ने शहर में प्रवासियों की बढ़ती संख्या और रोजाना हो रहे अवैध कब्जों के विरोध में तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उसके बाद एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। विश्व हिंदू परिषद एवं जिला गोरक्षा प्रमुख महेश भगत ने कहा कि शाहाबाद में प्रवासियों की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। यह बढ़ते प्रवासी रेहड़ियां इत्यादि लगा कर व्यापार कर रहे हैं। चिंता का विषय यह है कि इन प्रवासियों के भेष में कोई भी अपराधी एवं शरारती व्यक्ति छिपा हो सकता है, इसलिए प्रशासन को चाहिए कि वह जल्द इन प्रवासियों की जांच करे और इनके जरूरी दस्तावेज को जांचे। जिन प्रवासियों के खिलाफ अन्य राज्य में आपराधिक मामले दर्ज है या जो प्रवासी भारत का स्थायी निवासी नहीं है, उन्हें बाहर निकाला जाए।
महेश भगत ने कहा कि बढ़ते प्रवासी किसी भी समय शहर में कोई बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते है, इसलिए विश्व हिंदू परिषद के सभी सदस्य इस बारे में चिंतित है। ज्ञापन में सदस्यों ने यह भी बताया कि बढ़ते प्रवासियों ने शहर में कई जगह अवैध कब्जे भी कर लिए है, जिन पर प्रशासन ने चुप्पी साधी हुई है। इन अवैध कब्जों में अनाज मंडी के सामने बराड़ा रोड पर बना ढांचा, बराड़ा रोड पर स्थित शहीद उधम सिंह मेमोरियल के पास बना ढांचा, गांव मोहड़ी के पास जीटी रोड पर कुमार स्वामी के आश्रम व रेलवे लाइन के पास बने ढांचे शामिल है। ज्ञापन लेने के बाद नायब तहसीलदार सुभाष शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद के सभी सदस्यों को उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया।