लाडवा। काम करके घर लौट रहे दो युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई तो वहीं दूसरा युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान राहुल निवासी बडशामी के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया।
नवनीत उर्फ भीम ने बताया कि वह और उसका दोस्त राहुल निजी काम से मोटरसाइकिल लेकर धनौरा से वापस आ रहे थे। शाम साढ़े पांच बजे के करीब खुखनी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि नवनीत मोटरसाइकिल से उछलकर सड़क की दूसरी ओर जा गिरा। टक्कर की वजह से राहुल का सिर सड़क पर जा लगा, जिससे राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एक राहगीर की मदद से नागरिक अस्पताल लाडवा लेकर गए। जहां चिकित्सकों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जमा कराएं लाइसेंसी हथियार : वरुण सिंगला
कुरुक्षेत्र। निकाय चुनावों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने शस्त्र लाइसेंस धारकों से हथियार जमा करवाने की एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने निर्देश जारी करते हुए कहा कि चुनाव को शांतिपूर्वक, निष्पक्ष और भय मुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के उद्देश्य से शस्त्र लाइसेंस धारक अपना हथियार बिना किसी देरी के अपने नजदीकी थाना में या प्राधिकृत शस्त्र डीलरों के पास जमा कराएं। इसी के साथ थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में जिन लोगों के पास लाइसेंसी हथियार हैं उन सभी के हथियारों को चुनाव से पहले संबंधित पुलिस थाने या प्राधिकृत गन हाउस में जमा करवाना सुनिश्चित करें। ऐसा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कीर्ति नगर में चलाया सर्च अभियान
कुरुक्षेत्र। वीरवार शाम को थाना कृष्णा गेट एरिया में जिला पुलिस की टीम ने डॉग स्क्वायड व स्वैट टीम के साथ क्षेत्र के कीर्ति नगर में सर्च अभियान चलाया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस टीमों ने इन क्षेत्र में विभिन्न संदिग्ध स्थानों की जांच की। इस दौरान बाहरी श्रमिकों की भी जानकारी ली तथा उनके पहचान पत्र भी जांचकर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।
पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट तथा संदिग्ध वाहनों की जांच की। थाना कृष्णा गेट प्रबंधक निरीक्षक जगदीश टामक ने बताया कि नशे की तस्करी, सुरक्षा के मद्देनजर और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को काबू करने के लिए यह सर्च अभियान चलाया गया। अभियान में कोई भी आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जगदीश टामक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अगर कोई नशीला पदार्थ बेचता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें, पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
छात्राओं को दी दुर्गा शक्ति एप की जानकारी
कुरुक्षेत्र। सेफ सिटी की टीम ने गांव घराडसी के स्कूल में छात्राओं को महिला विरुद्ध होने अपराधों के बारे में जानकारी दी। टीम ने लड़कियों को सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण भी दिया।
राजकीय स्कूल व सोम कान्वेंट गुरुकुल में लड़कियों को सेफ सिटी टीम की हेड कांस्टेबल नीलम ने कहा कि पुलिस हमेशा आप के साथ है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग द्वारा दुर्गा-शक्ति एप लॉन्च किया है। उन्होंने कहा कि दुर्गा शक्ति एप का लाल बटन दबाने से आपको पुलिस मदद मिलेगी इसलिए आप खुद को दुर्गा शक्ति एप पर रजिस्टर कर लें। महिला विरुद्ध होने वाले अपराधों की सूचना किसी भी थाना के महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 या डायल 112 पर दी जा सकती है। सूचना पर पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
फोन रिचार्ज करना नहीं भूलते, बाइक इंश्योंरेस भूल जाते हैं : वीरेंद्र विक्रम
कुरुक्षेत्र। सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा नुकसान युवा वर्ग का हो रहा है। युवा वर्ग यातायात नियमों को अपने व्यवहार में अपनाकर तथा छोटी-छोटी आदतों को जीवन का हिस्सा बनाकर अपना व दूसरों का जीवन सुरक्षित रख सकते हैं। जिस प्रकार हम अपने मोबाइल को कवर या स्क्रीन गार्ड लगाना नहीं भूलते उसी प्रकार दोपहिया वाहन पर चलते समय हमेशा हेलमेट पहन कर रखें। यह बात ट्रैफिक कोआर्डिनेटर वीरेंद्र विक्रम ने शुक्रवार को परशुराम कॉलेज सेक्टर-पांच में एनएनएस के जागररूकता सेमिनार में कही।
उन्होंने कहा कि मोबाइल या डिश टीवी का रिचार्ज समय पर करवाते हैं परंतु बाइक या गाडी़ का इंश्योंरेस या पॉल्यूशन सर्टिफिकेट लेना अकसर भूल जाते हैं। हम बाजार, चौक चौराहे या कैंटीन में घंटों बातचीत में बिता सकते हैं पर रेडलाइट पर दो मिनट रुकना मुश्किल लगता है। उन्होंने पेंडिंग चालान की गई गाइड लाइन के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया तथा बताया कि छोटी-छोटी बातों को अपने रोज के व्यवहार में शामिल करके हर रोज बढ़ रहे सड़क हादसों को कम किया जा सकता है। सेमिनार के अंत में स्कूल स्टाफ ने सेमिनार में आए वक्ताओं का धन्यवाद किया। इस अवसर पर वासवा दत्ता, सुषमा वशिष्ठ सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।