कुरुक्षेत्र। सेक्टरों व कॉलोनियों में रैप बनाकर पांच से सात फुट तक सड़क पर कब्जा किया जा रहा है। नगर परिषद में शिकायत किए जाने के करीब नौ माह बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों की इस लापरवाही के चलते शिकायतकर्ता ने वकीलों से कानूनी राय लेकर अधिकारियों के खिलाफ उच्च न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराने मन बनाया है।
शांति नगर वासी कृष्ण देवी ने बताया कि उन्होंने गली नंबर सात में रैंप बनाकर किए गए अवैध कब्जे के बारे में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को 23 अप्रैल 2021 को शिकायत दी थी, जिस पर अधिकारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद सात मई फिर 21 मई को शिकायत की गई। इसके बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुए तो 25 अगस्त को सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी। अधिकारी ने फिर भी कुछ नहीं बताया।
उसके बाद जुडीशियल मजिस्ट्रेट कम सेक्रेटरी डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस अथॉरिटी कुरुक्षेत्र और 29 अगस्त 2021 को उपायुक्त कुरुक्षेत्र को शिकायत की गई। इसके बावजूद भी कोई सूचना नहीं मिली, जिस पर 14 सितंबर को सीएम विंडो पर शिकायत की गई। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सीएम विंडो ने बार-बार रिमांइडर भेजा। इसके बाद अधिकारी ने फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की। 15 नवंबर को सीएम विंडो पर दोबारा प्रार्थना की गई।
सीएमओ ऑफिस की ओर से अधिकारी को बार-बार कार्रवाई करने के लिए कहा गया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। नौ दिसंबर को चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस अथॉरिटी कुरुक्षेत्र ने कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद को पत्र लिखा कि सात दिन के अंदर कार्रवाई कर रिपोर्ट करें अन्यथा स्पष्टीकरण दें। इसके बावजूद भी अधिकारी ने कुछ नहीं किया। शिकायतकर्ता ने कहा कि अब वह हाईकोर्ट से वकीलों से कानूनी राय ले रही हैं ताकि अधिकारी के खिलाफ उच्च न्यायालय में मुकदमा दर्ज किया जा सके।
समस्या का जल्द होगा समाधान : बलबीर
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बलबीर रोहिल्ला ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उनके पास जो भी शिकायतें आती हैं, उनका तुरंत निवारण किया जाता है। शिकायतकर्ता की समस्या का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा। अवैध रूप से किसी को भी गलियों में निर्माण नहीं करने दिया जाएगा।