लाडवा/कुरुक्षेत्र। सक्षम नागरिकों की ओर से निक्षय मित्र बनकर एक-एक टीबी मरीज को पोषण आहार किट देने के लिए गोद लिया जाए तो प्रदेश में टीबी की बीमारी खत्म हो जाएगी और प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान का सपना साकार होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार ने टीबी के मरीजों के लिए कई योजनाएं लागू की हुई है। जब टीबी मुक्त हरियाणा, टीबी मुक्त लाडवा होगा हो तो टीबी मुक्त भारत भी हो जाएगा। ये विचार मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शनिवार को लाडवा की रामकुंडी में देर शाम आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। इस दौरान उन्होंने अपने विधानसभा के 72 टीबी मरीजों को गोद लिया। इसके अलावा सभी मरीजों को पौष्टिक पोषण आहार की पहली किट वितरित की। उन्होंने कहा कि आगामी छह माह तक प्रत्येक मरीज को पौष्टिक आहार किट पहुंचाई जाएगी। उन्होंने लोगों से निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी रोगियों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से टीवी के मरीजों की गांव गांव जाकर जांच की जाती है जो व्यक्ति टीवी रोग से ग्रस्त पाया जाता है। उसको सरकार की ओर से मुफ्त में इलाज प्रदान किया जाता है इसके अलावा टीवी के मरीजों को पोषण युक्त आहार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिमा 1000 रुपये छह महीने तक मरीज के खातों में भेजे जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी रोगियों के लिए वित्तीय सहायता में वृद्धि और सामाजिक सहायता पहल, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत घरेलू संपर्कों को शामिल करना शामिल है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, डॉ. गणेश दत्त, एसएमओ डॉ. कृष्ण कांत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।