पिहोवा। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) के सामान्य चुनाव 19 जनवरी 2025 को होने निर्धारित हुए हैं। वार्ड नंबर 11 पिहोवा, वार्ड नंबर 12 मुर्तजापुर तथा 14 पिहोवा निर्वाचन क्षेत्र में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य का चुनाव किया जाना है। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा चुनाव की घोषणा करते ही शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी नागरिक अमन कुमार ने कहा कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) के सामान्य चुनावों के लिए 20 दिसंबर से 28 दिसंबर 2024 तक चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों द्वारा नामांकन फार्म भरे जा सकेंगे। यह नामांकन उपमंडल अधिकारी नागरिक पिहोवा के कार्यालय के कोर्ट रूम में भरने निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद नामांकन पत्रों की छंटनी का कार्य 30 दिसंबर को किया जाएगा।
अमन कुमार ने बताया कि 31 दिसंबर को छंटनी करने के बाद नोमिनेशन फार्म को चुनाव कार्यालय में जमा करवाया जाएगा। उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि दो जनवरी 2025 होगी। शेष प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह दो जनवरी को आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही मतदाता सूची भी प्रकाशित की जाएगी। 19 जनवरी 2025 को हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव का मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक करवाया जाएगा।