कुरुक्षेत्र। नेपाल से काम की तलाश में आए यम बहादुर की निर्मम हत्या के मामले में सात दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अभी तक पुलिस हत्यारों की पहचान भी नहीं कर पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर युवक की हत्या तेजधार व नुकीले हथियार से की गई थी। उसके शरीर पर चोट के 17 निशान मिले थे।
विदित रहे कि 12 दिसंबर को रेलवे रोड पर खाली प्लॉट में खून से लथपथ युवक का शव मिला था। अगले दिन मृतक की शिनाख्त यम बहादुर (30) निवासी बांसगिरी जिला बर्दिया नेपाल के रूप में हुई थी। शिनाख्त होने के बाद एलएनजेपी अस्पताल में दो चिकित्सकों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में शव के शरीर पर 17 चोट के निशान मिले थे। इनमें तीन गहरे घाव गर्दन व छाती पर किए गए थे। युवक काम की तलाश में घटना से करीब 10 दिन पहले कुरुक्षेत्र आया था। जिंदल सिटी के पास ही किराये के मकान में रह रहा था। सुभाष मंडी पुलिस चौकी प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि अभी तक हत्यारों का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।