टीकाकरण करावाने वाले लोगों को अब प्रमाणपत्र मोबाइल के माध्यम से कुछ सेकंड में ही उपलब्ध हो सकेगा। मोबाइल पर पीडीएफ में यह प्रमाणपत्र हासिल किया जा सकता है। इसके लिए सरकार द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर 9013151515 पर अंग्रेजी में सर्टिफिकेट टाइप करके भेजना होगा। इसी दौरान पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी प्राप्त होगा। उक्त व्हाट्सएप पर ओटीपी नंबर दर्ज कराना होगा। इसके कुछ सेकंड बाद ही व्हाट्सएप पर पीडीएफ में सर्टिफिकेट प्राप्त होगा।
बता दें कि ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देख स्वास्थ्य विभाग ने 31 दिसंबर तक जिले की सौ फीसदी आबादी का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा है और सरकार की गाइडलाइन के अनुसार वैक्सीन का कोर्स पूरा न करने वालों की एक जनवरी से सरकारी कार्यालय ही नहीं, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश पर रोक होगी। घर से बाहर निकलते वक्त मास्क लगाने के साथ-साथ वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट जरूरी होगा।
उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि जिलेभर में अभी तक 87 फीसदी को पहली डोज और 57 फीसदी को दूसरी डोज लगी चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 6 लाख 42 हजार 254 को पहली डोज और 4 लाख 44 हजार 369 को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगी है। सोमवार को जिलेभर में 13 हजार 796 को कोरोना वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगाई गई। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि कोरोना वैक्सीन लगवाने से वंचित रहे सभी लोग 31 दिसंबर से पहले अपना टीकाकरण कराएं और खुद भी सुरक्षित रहें और अपनों को भी जागरूक करें।