संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। श्री अग्रवाल सभा लाडवा ने नए सत्र की शुरुआत के मौके पर विश्व व समाज कल्याण के लिए हवन-यज्ञ किया। हवन-यज्ञ में सभा के सभी पदाधिकारियों ने आहुतियां डालीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में अग्रसेन चौक स्थित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान सभा के महासचिव विकास सिंगल व कोषाध्यक्ष शालू बंसल की नियुक्ति की घोषणा की गई। नवनियुक्त प्रधान दुर्गेश गोयल ने कहा कि वह जिम्मेदारी को निभाने का भरसक प्रयास करेंगे। सभा की ओर से वर्तमान में चल रहे कार्यों के साथ नई योजनाओं को भी लागू किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अग्रसेन भवन बनाकर तैयार करने का आश्वासन दिया।
नवनियुक्त महासचिव विकास सिंघल ने कहा कि वह सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे और प्रत्येक अग्रबंधु तक पहुंच कर अपने साथ जोड़ेंगे। लाडवा के सभी अग्र बंधुओं का ऑनलाइन डाटा तैयार किया जाएगा, ताकि कम समय में सभी बंधुओं से संपर्क किया जा सके। समाजसेवी संदीप गर्ग ने कहा कि अग्र समाज का पूरे समाज को हमेशा ही बहुत बड़ा योगदान रहता है। हम सबको मिलजुल कर समाज के प्रत्येक वर्ग की भलाई के लिए कार्य करने चाहिए।
उन्होंने अपने निजी कोष से अग्रसेन भवन के लिए 11 लाख रुपये धनराशि देने की घोषणा की। समाजसेवी सचिन गर्ग ने भी अपने निजी कोष से पांच लाख रुपये भवन निर्माण के लिए देने का एलान किया। इस मौके पर पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, राकेश गर्ग, अरविंद सिंहल, पवन कुमार, शालू बंसल, रोहित गर्ग, नवीन गर्ग सहित अन्य मौजूद रहे।