प्रदेश के सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि दिल्ली के आसपास एनसीआर जोन में राज्य सरकार की तरफ से हरियाणा फिल्म इंडस्ट्री स्थापित की जाएगी। इससे हरियाणवी फिल्म जगत को एक नया आयाम मिलेगा। वे शुक्रवार को देर सायं मैक के आडिटोरियम हाल में हरियाणा अंतरराष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव में दूसरे दिन के सायंकालीन सत्र में बतौर मुख्यातिथि के रुप में बोल रहे थे।
इस दौरान राज्यमंत्री ने कलाकारों को सम्मानित कर संस्था को 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणवी सिनेमा के लिए विशेष योजना अलग से तैयार की गई हैं। इस योजना के तहत एनसीआर जोन में हरियाणा फिल्म उद्योग के लिए जगह चिन्हित की जा रही हैं। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र की जाएगी। इतना ही नहीं सरकार की तरफ से कला को प्रोत्साहन देने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने मेहमानों का स्वागत किया।
कुरुक्षेत्र की अद्भुत लाडली फिल्म आज दिखेगी पर्दे पर
हरियाणा अंतरराष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव के तीसरे यश बाबु एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित अद्भुत लाडली फिल्म को दिखाया जाएगा। इस फिल्म की शूटिंग कुरुक्षेत्र में हुई और बेटियों के जीवन पर आधारित इस फिल्म को 15 अप्रैल को दिखाया जाएगा। उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने बताया कि अद्भुत लाडली फिल्म के निर्माता राजेंद्र वर्मा, निर्देशक प्रेम राज, स्टोरी लेखक मनोज भल्ला, वीओपी अजय आर्य द्वारा किया गया हैं।