Haryana: हाल ही में भाजपा में शामिल नेता के आवास पर ईडी ने दी दस्तक, देर रात तक कार्रवाई जारी
Thu, 21 Mar 2024 09:55 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र/शाहाबाद (हरियाणा)
सार
समाजसेवी संदीप गर्ग कई साल से गरीब लोगों की सहायता सहित अन्य समाजसेवा के कार्य में लगे हैं और इस बार चुनाव लड़ने के भी इच्छुक हैं। वे कुछ दिनों पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे।
हाल ही में भाजपा में शामिल हुए समाजसेवी संदीप गर्ग के आवास पर गुरुवार को ईडी की टीम ने दस्तक दी। दोपहर को शुरू हुई यह कार्रवाई समाचार लिखे जाने तक जारी रही। जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ एस्टेट ऑफिस की वरिष्ठ सहायक अधिकारी सरोज कुमारी के नेतृत्व में करीब सात से आठ सदस्यों की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान हुडा चौकी प्रभारी महेश कुमार भी अपनी टीम के साथ मौके पर रहे।
विज्ञापन
हालांकि देर शाम तक जारी रही इस कार्रवाई के दौरान टीम ने क्या हासिल किया, यह स्पष्ट नहीं हो सका, लेकिन बताया जा रहा है कि जब टीम नेशनल हाईवे के समीप स्थित आवास पर पहुंची तो उक्त नेता एवं समाजसेवी भी मौजूद थे।
यह भी बताया जा रहा है कि टीम को मुख्य दरवाजा न खुलने पर पीछे के दरवाजे से आवास के अंदर पहुंची। उधर संबंधित समाजसेवी एवं भाजपा नेता से प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं हो सका।