इस्माईलाबाद। ठसका रोड स्थित एक जिम में बिजली जाने पर हुए विवाद के बाद देर रात जिम संचालक नवीन सैनी पर करीब 15 युवकों ने हमला कर दिया। इस हमले में नवीन सैनी के सिर और आंख में गंभीर चोट आई हैं। उन्हें पहले निजी अस्पताल और फिर लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। जांच भी शुरू कर दी गई है। नवीन सैनी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे केवल छाबड़ा नामक युवक जिम आया था। बिजली गुल होने पर वह गाली-गलौज करने लगा। नवीन सैनी ने उसे समझाने का प्रयास किया। आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी और चला गया।
देर रात हमला और जांच
शिकायत के अनुसार, उसी रात करीब नौ बजे लगभग 15 युवक जिम पहुंचे। उन्होंने नवीन सैनी पर हमला कर दिया। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उसके सिर और आंख पर वार किए, जिससे वह बेहोश हो गया। जिम में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।