कुरुक्षेत्र। अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण की मांग के लिए लघु सचिवालय में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 75वें दिन भी जारी रहा। अब आंदोलन के अगले चरण में छह सितंबर को कुरुक्षेत्र में अतिथि अध्यापकों की रैली होगी।
संगठन ने प्रदेश से हजारों अतिथि अध्यापकों, नियमित शिक्षकों और सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों के रैली में पहुंचने का दावा किया है। रैली के बाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का घेराव करने का एलान किया गया है।
धरने की अध्यक्षता राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ अंबाला मंडल के प्रधान राजेश धीमान ने की। जिला अंबाला के अतिथि अध्यापक 24 घंटे के लिए धरना स्थल पर डटे रहे। राजेश धीमान ने कहा कि न्यायालय के फैसले को लागू करवाने और नियमितीकरण की मांग को लेकर 23 जून से राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के आह्वान पर धरना-प्रदर्शन चल रहा है। अध्यापक नेताओं ने बताया कि छह सितंबर को शहीद राजरानी के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि सभा के साथ विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेशभर से अतिथि अध्यापक, नियमित अध्यापक और सर्व कर्मचारी संघ के सदस्य शामिल होंगे।