कुरुक्षेत्र। नियमितीकरण की मांग के समर्थन में अतिथि अध्यापक 29 नवंबर को मुख्यमंत्री का घेराव करेंगे। राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ ने प्रस्तावित प्रदर्शन में हजारों अध्यापकों के पहुंचने का दावा किया है। घेराव से पहले एक मॉक विधानसभा आयोजित होगी। इसमें नियमितीकरण का प्रस्ताव पारित कर विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री सहित सभी विधायकों को सौंपा जाएगा।
मंगलवार को लघु सचिवालय में संघ का धरना 149वें दिन भी जारी रहा। जिला भिवानी के अतिथि अध्यापकों ने 24 घंटे के लिए धरने की जिम्मेदारी संभाली। धरने की अध्यक्षता राजकुमार कालीरमन ने की। अध्यापक नेताओं ने कहा कि शिक्षा विभाग ने अदालती आदेशों के बावजूद नकारात्मक आदेश जारी किए हैं। उनका आरोप है कि इन आदेशों में ऐसी शर्तें हैं जो 2014 की नियमितीकरण नीति में नहीं थीं। उन्होंने बताया कि कॉलेज कैडर के अतिथि प्राध्यापकों को 4 जुलाई 2014 को नियमित किया जा चुका है। अतिथि अध्यापकों के नियमित होने तक आंदोलन जारी रहेगा।