शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर स्कूल परिसर में विरोध करते ग्रामीण।
पिहोवा। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव के राजकीय मिडिल स्कूल के संस्कृत शिक्षक द्वारा कक्षा में ही छात्राओं के साथ छेड़खानी किए जाने का मामला सामने आया है। इससे आक्रोशित अभिभावक और ग्रामीण भड़क उठे। उन्होंने आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई की मांग के लिए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। शिक्षा विभाग ने इस मामले में कमेटी गठित कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली गांव की एक 13 वर्षीय नाबालिग ने अपने पिता को बताया कि शिक्षक पढ़ाने के बहाने उसे गलत तरीके से छूता है। वहीं आठ अन्य छात्राओं ने भी शिक्षक पर इसी तरह के छेड़खानी के आरोप लगाए। ऐसे में अभिभावक व ग्रामीण सैंकड़ों की संख्या में वीरवार सुबह स्कूल पहुंच गए और जमकर रोष जाहिर किया। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर स्कूल इंचार्ज को लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) संजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने व आरोपी पर कार्रवाई का भरोसा दिया। बीईओ ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ जांच के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दो घंटे तक चली पंचायत, निलंबन की मांग
इस मामले में करीब दो घंटे तक पुलिस, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच पंचायत हुई, जिसमें ग्रामीण कार्रवाई पर अड़े रहे तो पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं थाना सदर के एसएचओ जगदीश कुमार ने कहा कि शिकायत में बताया गया कि आरोपी शिक्षक कक्षा में ही छात्राओं को किसी न किसी बहाने छेड़ता था। ऐसी नौ छात्राएं सामने आई हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपी शिक्षक को तुरंत निलंबित किया जाए और कड़ी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
- अभी मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है, जो शुक्रवार को रिपोर्ट देगी। उसी के अनुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। - विनोद कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी