पानीपत। धुंध बढ़ने के साथ चोरी की घटनाएं भी तेज हो गई हैं। चोर सेक्टर 13-17 में एक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट के घर से 4.25 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। प्रॉपर्टी कंसल्टेंट उस रात परिवार के साथ पुणे में एक शादी समारोह में गया था। सेक्टर-13-17 थाना की पुलिस ने चोरी की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सेक्टर 13-17 के विशाल चहल ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी कंसल्टेंट है। वह 17 दिसंबर को परिवार के साथ पुणे में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वह 21 दिसंबर की रात करीब 2:50 बजे लौटे। उनको घर के मुख्य दरवाजों के ताले टूटे मिले। घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर अलमारी से 4.25 लाख रुपये नकद, 199 ग्राम सोने और 1.50 किलोग्राम चांदी के गहने चोरी कर ले गए । सोने के गहनों में झुमके, गले के दो सेट, चेन, दो कड़े, एक अंगूठी, सोने का सिक्क, सूरज-चांद और बच्चे का कड़ा चोरी कर ले गए। चांदी के बर्तन, पायल, सिक्के और बच्चों के छह जोड़ी कड़े चोरी कर ले गए। इसके साथ एक घड़ी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ले गए। चोर सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची।
पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल का निरीक्षण किया है। विशाल चहल की शिकायत पर धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत चोरी की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल जा रही है। पुलिस चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।
दलबीर सिंह, प्रभारी, थाना पुलिस सेक्टर-13-17।