कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर के पावन तट चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के सरस और शिल्प मेले में जीआईवीई का दिव्य स्टॉल 543 हजारों आगंतुकों के लिए आशा, प्रेरणा और ज्ञान का केंद्र बन गया है। गौरांग इंस्टीट्यूट फॉर वैदिक एजुकेशन ने इस वर्ष एक अभूतपूर्व सेवा की शुरुआत की है। यह पहल सिर्फ ज्ञान प्रदान करने के लिए नहीं बल्कि जीवन बदलने के लिए है। हर वह व्यक्ति जो यहां आता है, वह गीता की एक ऐसी ऊर्जा महसूस करता है जो उसे भीतर से आध्यात्मिक ज्ञान लेने के लिए प्रेरित करती है।
इस दिव्य प्रयास के अंतर्गत जीआईवीई ने एक अत्यंत उपयोगी मोबाइल एप्लीकेशन जीआईवीई गीता भी लॉन्च किया है, जिसे हर कोई नि:शुल्क डाउनलोड कर सकता है। इसका उद्देश्य है कि गीता का ज्ञान हर जेब में, हर घर में, हर व्यक्ति तक पहुंचे। डॉ. वृंदावन चंद्र दास बताते हैं कि यह एप ऑडियो और वीडियो-दोनों रूपों में उपलब्ध है। कोई भी व्यक्ति हिंदी या अंग्रेजी में भगवद्-गीता के उपदेश सुन या देख सकता है।
पूरे गीता कोर्स को 28 भागों में विभाजित किया गया है जिनमें से हर भाग लगभग आधे घंटे का है। इससे कोई भी अपनी सुविधा और समय के अनुसार आसानी से अध्ययन कर सकता है। इस कोर्स की सबसे प्रमुख विशेषता यह है कि यह केवल शास्त्रीय ज्ञान ही नहीं देता बल्कि बताता है कि गीता को जीवन में कैसे लगाया जाए। इस एप में उपलब्ध प्रश्नोत्तरी आपके सीखने को और मजबूत बनाती है। इस कोर्स को पूरा करने पर उपयोगकर्ता को प्रमाणपत्र भी दिया जाता है, जिसे एप में ही तुरंत डाउनलोड किया जा सकता है।