अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। ब्रह्मसरोवर और आसपास के क्षेत्र की साज-सज्जा करने में प्रशासन की तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। महोत्सव का शुभारंभ राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 6 दिसंबर को पुरुषोतमपुरा बाग में पवित्र ग्रंथ गीता के पूजन और गीता यज्ञ में आहुति डालकर करेंगे। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं शिक्षा मंत्री रामबिलाश शर्मा ने सोमवार को गीता जयंती महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के उपरांत पुरुषोतमपुरा बाग में बातचीत करते हुए दी।
उन्होंने सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कुछ दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सबसे पहले कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में देश के 574 जिलों से आए प्रतिनिधियों से मुलाकात कर एक ग्रुप फोटो कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात ब्रहमसरोवर पुरुषोतमपुरा बाग में ब्रहमसरोवर, गीता पूजन, गीता यज्ञ में आहुति डालने के बाद श्रीकृष्णा सर्किट प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे।
उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का शुभारंभ करने के बाद राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमीनार का शुभारंभ करेंगे। केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत श्रीकृष्णा सर्किट में ब्रहमसरोवर, सन्निहित सरोवर, ज्योतिसर, थानेसर शहर और नरकातारी तीर्थ पर्यटन स्थलों को दर्शनीय बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के तहत इन चारों तीर्थों को विकसित करने के लिए 97 करोड़ 35 लाख का बजट खर्च किया जाएगा।
साढ़े 11 बजे राष्ट्रपति करेंगे गीता महोत्सव का शुभारंभ
उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने बताया कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी मंगलवार को 11 बजकर 30 मिनट पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके उपरांत राष्ट्रपति गीता पूजन और गीता यज्ञ में आहुति डालेंगे। 12 बजकर 25 मिनट पर अंतरराष्ट्रीय गीता सेमीनार का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी तट वीवीआईपी घाट पर विकास प्रदर्शनी, सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संस्थाओं की प्रदर्शनी, सदाचार स्थल पर पुस्तक मेले का शुभारंभ होगा और शाम 6 बजे पुरुषोतमपुरा बाग में एनजेडसीसी की तरफ से धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र संगीत-डांस ड्रामा की प्रस्तुति होगी।