गीता किसी भाषा, प्रांत, धर्म की नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता का ग्रंथ है। यह ग्रंथ हमारे जीवन की पाठशाला है। हम इसे पढ़कर अपने जीवन को सही राह पर ला सकते हैं। ये हमें जीवन जीने का रास्ता बताती है। ये विचार लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने व्यक्त किए। वे शनिवार को गीता ज्ञान संस्थानम में जीओ गीता की तरफ से आयोजित युवा चेतना सम्मेलन में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने जीओ गीता सभागार का उद्घाटन किया और इसके बाद जीओ गीता संग्रहालय का अवलोकन किया। इसके उपरांत गीता पूजन के साथ युवा चेतना सम्मेलन का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की ऐतिहासिक भूमि कुरुक्षेत्र पूरे विश्व को जीवन जीने का मार्गदर्शन कर रही है। स्वयं महात्मा गांधी मानते थे कि जैसे हमें मां पालती है, उसी तरह पवित्र ग्रंथ गीता हमें नई प्रेरणा देता है। व्यक्ति के जीवन में अंधकार या कठिनाई होती है तो गीता हमें राह दिखाती है। गीता के छोटे से सार को पढ़ने के बाद हमारे जीवन के हर संशय को दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमें चुनौतीपूर्ण और संघर्षपूर्ण जीवन जीना है तो पवित्र ग्रंथ गीता पढ़नी चाहिए। महाभारत में भी जब अर्जुन संशय में थे तो भगवान श्री कृष्ण ने गीता का संदेश दिया था। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज के डिजिटल युग में नौजवान बौद्धिक रूप से क्षमतावान है और विश्व भर में नेतृत्व कर रहे हैं, यदि उन्हें आध्यात्मिक ज्ञान भी हो जाए तो जीवन सही दिशा में चलेगा। हमें अपने जीवन में गीता का संदेश अपनाना चाहिए।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि श्रीमद्भागवदगीता एक ऐसा ग्रंथ है, जिसको केवल सुनने, पढ़ने या स्मरण करने से नहीं बल्कि इस ग्रंथ के सार को जीवन में उतारने से इसका पूरा लाभ लिया जा सकता है। जिस व्यक्ति ने श्रीमद्भगवद गीता के एक श्लोक को भी अपने जीवन में उतार लिया तो उसे जीवन मेें निराशा छू भी नहीं पाएगी। गीता के अध्ययन करने से सारी चिंताएं खत्म हो जाएंगी। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सब अधिकारों की बात करते है, लेकिन अपने कर्तव्यों को भूल जाते हैं। खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि आज का युग श्रीमदभगवद गीता से बहुत कुछ सीख रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को गीता का ज्ञान दिया है, उसे स्वामी ज्ञानानंद जी विश्व में जन-जन तक पहुंचाने में लगे हुए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह, सांसद रतन लाल कटारिया, सांसद नायब सिंह सैनी, सांसद अरविंद शर्मा, सांसद सुनीता दुग्गल, विधायक सुभाष सुधा, कृष्ण बेदी मौजूद रहे।