कुरुक्षेत्र। द्रोणाचार्य स्टेडियम में सोमवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान गृह विज्ञान विभाग की शिक्षिका डॉ. शिवानी के निर्देशन में छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वोट की कीमत के बारे में बताया और ज्यादा मतदान करने के लिए प्रेरित किया। नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को विभागाध्यक्ष तलविंद्र प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर छात्राओं ने नाटक के माध्यम से ये संदेश दिया कि मतदान का प्रयोग सोच समझकर कर करना चाहिए और ऐसे प्रत्याशी का चयन करना चाहिए जो देश के विकास में योगदान दे। गृह विज्ञान विभाग की छात्राओं लता, विधि, परविंदर, ईशा, खुशबू, प्रिया ने नाटक के माध्यम से संदेश दिया कि मतदान हमारा अधिकार है। मतदान कर हम बेहतर व मजबूत सरकार का निर्माण करते हुए समाज व देश के विकास में अहम योगदान दे सकते हैं। एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदाताओं का जागरूक होना और बढ़-चढ़कर मतदान करना बेहद आवश्यक है। वॉकथॉन कार्यक्रम में लोगों को मत का सही प्रयोग करने के लिए जागरूक किया गया। यह वॉकथॉन द्रोणाचार्य स्टेडियम से शुरू होकर अग्रसेन चौक से सेक्टर-13 को होते हुए तीन किलोमीटर की यात्रा तय कर वापिस द्रोणाचार्य स्टेडियम पर समाप्त हुई। इस मौके पर श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. करतार सिंह धीमान, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल व जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. सुनील कुमार मौजूद रहे।